‘विश्व सीमा शुल्क संगठन’ (WCO) ने ‘केंद्रीय राजस्व नियंत्रण प्रयोगशाला’ (CRCL), नई दिल्ली को एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिये ‘क्षेत्रीय सीमा शुल्क प्रयोगशाला’ (RCL) के रूप में मान्यता प्रदान की है। ध्यातव्य है कि सी.आर.सी.एल. को वर्ष 1939 में स्थापित किया गया था। इसका प्रशासनिक नियंत्रण ‘केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड’ द्वारा किया जाता है।
यह गाजीपुर और नीमच में कार्यरत 2 अफीम और एल्कलॉइड प्रयोगशालाओं सहित 14 राजस्व प्रयोगशालाओं का मुख्यालय है। ‘क्षेत्रीय सीमा शुल्क प्रयोगशाला’ के रूप में मान्यता प्राप्त करने के बाद सी.आर.सी.एल, जापान व कोरिया देशों में स्थित सीमा शुल्क प्रयोगशालाओं के विशिष्ट समूह में शामिल हो गया है।
‘विश्व सीमा शुल्क संगठन’ की स्थापना वर्ष 1952 में ‘सीमा शुल्क सहयोग परिषद’ के रूप में की गई थी। यह एक स्वतंत्र अंतर-सरकारी निकाय है, जिसका लक्ष्य सीमा शुल्क प्रबंधन की प्रभावशीलता और दक्षता में वृद्धि करना है। इसका मुख्यालय ब्रुसेल्स, बेल्जियम में है।