विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने ‘सतत सार्वजनिक खरीद’ कार्यक्रम के तहत सरकारी ई-मार्केटप्लेस पर ग्रीन रूम एयर कंडीशनर की एक नई उत्पाद श्रेणी का शुभारंभ किया है।
‘सतत सार्वजनिक खरीद’ एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके तहत ‘सार्वजनिक प्राधिकरण’ परियोजना के सभी चरणों में वस्तुओं, सेवाओं की खरीद करते समय सतत विकास के तीनों आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय स्तंभों के मध्य उचित संतुलन प्राप्त करने का प्रयास करते हैं। इन तीन स्तंभों को 'ट्रिपल बॉटम लाइन' कहा जाता है।
यह नवाचार सरकारी खरीदारों को वित्तीय बचत प्रदान करने के साथ-साथ चक्रीय अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ते हुए पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाएगा। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम वर्ष 2005 से वैश्विक, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर सतत सार्वजनिक खरीद को बढ़ावा देने के लिये सक्रिय है।
भारत में सार्वजनिक खरीद व्यय जी.डी.पी. का लगभग 15-20% है। इतनी व्यापक मात्रा में ‘सतत सार्वजनिक खरीद’ की शुरुआत से देश की जलवायु नीति के उद्देश्यों को अधिक पूरक बनाने में मदद मिलेगी।