‘अल्बिनो इंडियन फ्लैपशेल कछुआ’ दक्षिण एशिया में पाई जाने वाली कछुए की एक दुर्लभ प्रजाति है। यह मुख्यतः पाकिस्तान, श्रीलंका, भारत, नेपाल और बांग्लादेश में पाई जाती है।
यह चमकीले पीले रंग का होता है। लगभग 30 सेमी. के आकार वाले इस कछुए का वाह्य आवरण (खोल) अत्यधिक मुलायम होता है। यह एक सर्वाहारी जीव है। इसका मुख्य आहार मेंढ़क, घोंघा, जलीय वनस्पतियाँ आदि हैं।
इसका पीला रंग ‘अवर्णता’ नामक विकार के कारण होता है। अवर्णता एक जन्मजात विकार है, जो शरीर में ‘टायरोसिन’ नामक एमिनो एसिड की पूर्ण या आंशिक अनुपस्थिति के कारण उत्पन्न होता है।
टायरोसिन की कमी के कारण त्वचा में ‘मिलेनिन’ का निर्माण प्रभावित होता है। ध्यातव्य है कि मिलेनिन नामक वर्णक त्वचा का रंग निर्धारित करता है।
इस प्रजाति का कछुआ भारत में पहली बार ओडिशा में देखा गया था। बाद में पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भी इसकी उपस्थिति दर्ज की गई।